चील्ह क्षेत्र के मझिगवां गंगा तट से सोलर लाइट हुआ गायब, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
चील्ह (मिर्जापुर)। जनपद के चील्ह थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिगवां गांव स्थित गंगा नदी तट पर राहगीरों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए लगाई गई सोलर लाइट संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह सोलर लाइट पिछले कई महीनों से अपने स्थान पर नहीं है। लाइट गायब होने की वजह से रात के समय गंगा तट और आसपास के रास्तों पर पूरी तरह अंधेरा पसरा रहता है,सोलर पैनल व बैटरी ग़ायब है। मौके पर केवल खंभा है।वह भी गीरा दिया गया है।जिससे स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा तट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, मल्लाहों और ग्रामीणों को रात के समय होने वाली दिक्कतों को देखते हुए ब्लॉक प्रमुख के जरिए इस सोलर लाइट को लगवाया गया था। इसके लगने से नदी तट पर प्रकाश की उचित व्यवस्था हो गई थी और देर शाम तक घाट पर आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चोरों या शरारती तत्वों ने ताक लगाकर कई महीने पहले ही इस कीमती सोलर लाइट और उसके उपकरणों को वहां से गायब कर दिया। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद मरम्मत के लिए इसे हटाया गया है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी जब लाइट वापस नहीं लगी, तब जाकर चोरी होने की आशंका पुख्ता हुई।गंगा तट से सोलर लाइट गायब होने के कारण अब रात के वक्त वहां सन्नाटा और भारी अंधेरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी का किनारा होने की वजह से अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा हमेशा बना रहता है। इसके साथ ही घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोग चिंतित हैं।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले की जांच कराई जाए कि लाइट को किसने और कब हटाया। साथ ही, ग्रामीणों ने गंगा तट पर सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द नई सोलर लाइट लगवाने की गुहार लगाई है । ताकि घाट एक बार फिर रोशनी से जगमगा सके।
............................... डबल इंजन सरकार के तीनों बड़े दावों की सच्चाई अब जनता के सामने है : इन्दु कुमारी मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इन्दु कुमारी ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने वर्षों तक विकास, आस्था और रोजगार के नाम पर जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन आज इन्हीं तीन मुद्दों पर जनता सरकार से जवाब मांग रही है। इन्दु कुमारी ने कहा कि भाजपा ने सबसे अधिक प्रचार इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर किया। एक्सप्रेसवे, सड़कें, पुल और अन्य परियोजनाओं को विकास का मॉडल बताया गया, लेकिन कई निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर समय-समय पर सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विकास की बुनियाद मजबूत होती, तो बार-बार निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े नहीं होते। सरकार को प्रचार से अधिक गुणवत्ता और जवाबदेही पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आस्था को भी अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनाया। करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन धर्म का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए नहीं होना चाहिए। अब जनता यह पूछ रही है कि आस्था के नाम पर किए गए वादों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और रोजगार जैसे मूल मुद्दों पर सरकार का प्रदर्शन कैसा रहा। रोजगार के मुद्दे पर इन्दु कुमारी ने कहा कि युवाओं से हर वर्ष बड़े पैमाने पर रोजगार और अवसरों के वादे किए गए थे, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में युवा भर्ती प्रक्रियाओं, रोजगार के अवसरों और भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अब नारों से नहीं, बल्कि ठोस परिणामों से संतुष्ट होंगे। इन्दु कुमारी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि "डबल इंजन सरकार का इंजन अब प्रचार के सहारे चल रहा है, जबकि जनता अपने जीवन में वास्तविक बदलाव देखना चाहती है।" उन्होंने कहा कि जब सरकार को अपने काम से अधिक प्रचार करना पड़े, तो यह जनता के बढ़ते सवालों का संकेत होता है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता पहले की तुलना में अधिक जागरूक है। लोग घोषणाओं और विज्ञापनों से आगे बढ़कर ज़मीनी काम का मूल्यांकन कर रहे हैं। लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है, और जनता हर वादे का हिसाब समय आने पर देती है। अंत में इन्दु कुमारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों, रोजगार, शिक्षा, किसानों, महिलाओं, सामाजिक न्याय और मजबूत सार्वजनिक सेवाओं, को लेकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास होता है और वही विश्वास आने वाले समय की राजनीति की दिशा तय करेगा। .................. जन समस्याओं के निस्तारण के दृष्टिगत प्रत्येक थाना/कोतवाली में आयोजित किया गया थाना समाधान दिवस मण्डलायुक्त व पुलिस उप महानिरीक्षक ने थाना विन्ध्याचल में पहुंचकर सुनी जन समस्याएं राजस्व/जमीन विवाद वाले प्रकरणों में पुलिस राजस्व की टीम बनाकर मौके पर कराएं निस्तारण -मण्डलायुक्त मीरजापुर जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दृष्टिगत जनपद के प्रत्येक थाना/कोतवाली में शासन के निर्देशानुसार थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तत्क्रम में मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश व पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने विन्ध्याचल थाना पहुंचकर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर उपस्थित राजस्व व पुलिस अधिकारियों को ससमय निस्तारण का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने कहा कि भूमि विवाद, अतिक्रमण आदि जैसे प्राप्त प्रकरणों में पुलिस व राजस्व टीम बनाकर मौके पर भेजी जाए तथा दोनों पक्षों की उपस्थिति में मामले का संतुष्टिपूर्ण निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो ताकि फरियादियों को बार-बार थाना तहसील के चक्कर न लगाने पड़े। मण्डलायुक्त ने कहा कि जिन मामलों में सुलह समझौते से निस्तारण हो वहां राजस्व व पुलिस की टीम मध्यस्ता करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि थाना दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्रों पर निष्पक्ष व समयबद्ध कार्यवाही हो, निस्तारण के पश्चात यदि कोई दबंग व्यक्ति डराने व धमकाने का प्रयास कर रहा हो तो उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए।
................. मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी संग हेलीपैड व गंगा किनारे निर्माणाधीन घाटों के कार्य की प्रगति का भी निरीक्षण कर ससमय पूर्ण कराने का दिया निर्देश मीरजापुर निर्माणाधीन अखाड़ा घाट सहित अन्य घाटों का मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी के साथ किया निरीक्षण निर्माणाधीन हेलीपैड का भी मण्डलायुक्त, पुलिस उप महानिरीक्षक व जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश ने विन्ध्याचल क्षेत्र भ्रमण के दौरान थाना विन्ध्याचल समाधान दिवस के पश्चात विन्ध्याचल गंगा नदी के किनारे निर्माणाधीन अखाड़ा घाट, पक्का घाट सहित अन्य घाटों पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के साथ भ्रमण कर कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विन्ध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या व उन्हें सुविधा मुहैया कराने के दृष्टिगत घाटों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण कार्य चल रहा है जिसमें सीढ़िया, रेलिंग, लाइटिंग व शौचालय आदि सुविधाएं निर्माण कार्य के तहत उपलब्ध कराई जाएंगी। मण्डलायुक्त ने कहा कि गंगा घाट, विन्ध्याचल आने वाले दर्शनार्थियों/श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केन्द्र है अतएव निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियां गुणवत्तापूर्ण हो ताकि कार्य टिकाऊ हो। उन्होंने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाए कि वर्षा के दौरान घाटों पर जल भराव, फिसलन न होने पाएं, पानी निकासी के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था हो। उन्होंने स्वच्छता पर भी विशेष जोर देते हुए सम्बन्धित कार्यदायी संस्था व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर को निर्देशित किया कि घाटों पर कचरा न फैलने पाए इसके लिए स्थान-स्थान पर डस्टबिन रखवाते हुए सफाई कर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश, पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने प्रशासनिक अधिकारियों व लोक निर्माण विभाग तथा अन्य कार्यदायी एजेंसियों के साथ विन्ध्याचल के पटेंगरा नाला के पास नव निर्माणाधीन हेलीपैड स्थल का भी भ्रमण कर निरीक्षण किया। मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग व सम्बन्धित कार्यदायी संस्था के अभियंताओं से निर्माण कार्य प्रगति में तेजी लाने तथा तकनीकी मानकों और समय सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली। मण्डलायुक्त ने कहा कि हेलीपैड का निर्माण निर्धारित तय सीमा के तहत पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत हेलीपैड के चारों तरफ बाउंड्रीवाल, पहुंच मार्ग आदि के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि हेलीपैड पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण निर्धारित मानक के अनुसार सुदृढ़ किया जाए ताकि किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित न होने पाए। मण्डलायुक्त ने विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेलीपैड के आस पास अब कोई भी आवास व अन्य किसी तरह के निर्माण नहीं कराया जाए तथा जो आवास निर्मित है वह हेलीपैड के मानक के अनुसार ऊपर न बनाया जाए इसका विशेषतौर ख्याल रखा जाए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, डिप्टी कलेक्टर जूही प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गोवा लाल व विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहें।
.................... मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र हरसिंघपुर/मल्लेपुर का किया निरीक्षण-बाढ़ बचाव के दृष्टिगत पहले अलर्ट जारी करते हुए लोगों को करे जागरूक मीरजापुर मण्डलायुक्त गंगा नदी पर निर्माणाधीन 06 लेन पुल व अप्रोच रोड का भी किया निरीक्षण-सड़क निर्माण के दौरान मानव सुरक्षा का रखे ख्याल, लापरवाही बरतने पर एफ0आई0आर0 दर्ज कर होगी कड़ी कार्यवाही मीरजापुर 08 अगस्त 2026- मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने गंगा के जल स्तर में लगातार वृद्धि के दृष्टिगत संभावित ग्रामों में बाढ़ के लेकर मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने कोन विकास खण्ड के हरसिंघपुर/मल्लेपुर गांव में पहुंचकर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी से कहा कि बाढ़ के दौरान आने वाले सावधानियों के बारे में पहले से ग्रामीणों को अलर्ट किया जाए। आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था व पशुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत निचले इलाकों में रहने वाले सुरक्षित स्थान पर ले जाने हेतु पहले से ही बाढ़ राहत शिविर चिन्हित कर लिए जाए चिन्हित बाढ़ शिविरों में शौचालय, भोजन, पेयजल, आवश्यक दवाएं, प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था कर ली जाए तथा पशुओं के लिए चारा व ऊंचे स्थान पर पशु शिविर बनाए जाए। उन्होंने कहा कि गंगा का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाए कि घाटों, पुलों व गंगा के किनारे न जाए। गोताखोर व नाव की व्यवस्था की तैनाती की जाए किसी के डूबने से कोई अप्रिय घटना न हो उसके लिए एन0डी0आर0एफ0, एस0डी0आर0एफ0 की टीमों को अलर्ट कर दिया जाए। मण्डलायुक्त ने राजस्व टीम को सक्रिय करने के साथ ही लेखपाल, ग्राम प्रधान व ग्रामीणों से वार्ता कर जल स्तर, कटान व संभावित खतरे की जानकारी, फसल नुकसान आदि के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने गंगा नदी निर्माणाधीन 06 लेन पुल व सड़क के कार्य प्रगति को भी मौके पर पहुंचकर देखा। उन्होंने सम्बन्धित कार्यदायी एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए किसी प्रकार की रुकावट न हो परन्तु कार्य के दौरान छोटी सी लापरवाही भी किसी के जान पर भी भारी पड़ सकती है इस लिए निर्माण एजेंसी व ठेकेदार सुरक्षा को लेकर पूर्ण ख्याल रखा जाए। कार्यस्थल पर मजबूत बैरीकेटिंग, रिफ्लेक्टर तथा चेतावनी बोर्ड लगाया जाए। यदि रात्रि में कार्य हो रहे हो तो पर्याप्त लाइट, रेडियम पट्टी आदि अवश्य लगाए। उन्होंने कहा कि खोदे गए गड्ढों आदि में किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति पर सम्बन्धित कार्यदायी एजेंसी के अधिकारियों पर एफ0आई0आर0 दर्ज कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। अतएव खोदे गए गड्ढों को खुला न छोड़े उसके चारों तरफ बैरीकेटिंग आदि लगाया जाए। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
2023 @ DL NEWS. All Rights Reserved.