आकाशीय बिजली गिरने से चिंतावनपुर का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, पूरा गांव अंधेरे में डूबा
भवानीपुर पावर हाउस के जेई ने किया निरीक्षण, जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन
मीरजापुर
थाना देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चिंतावनपुर गांव में 05.08.2026 की देर रात हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से गांव का बिजली ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद से गांव के कई हिस्सों की विद्युत आपूर्ति ठप है ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर है। ग्रामीणों के अनुसार लगभग 05.08.2026 की देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गांव में स्थापित , ट्रांसफार्मर पर गिर गई। बिजली गिरते ही तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर पूरी तरह छतिग्रस्त हो गई और चिंगारियां निकलने लगीं। कुछ ही मिनटों में गांव की बिजली गुल हो गई। बिजली जाने से ग्रामीणों के घरों में लगे इनवर्टर, पंखे, फ्रिज और अन्य उपकरण भी अचानक बंद हो गए। रातभर गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने टॉर्च और मोमबत्ती के सहारे रात गुजारी। घटना की सूचना मिलते ही सुबह भवानीपुर पावर हाउस के अवर अभियंता नरेंद्र सिंह बिजली कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर, तारों और फीडर का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के बाद जेई ने बताया कि आकाशीय बिजली के कारण ट्रांसफार्मर का आंतरिक हिस्सा पूरी तरह जल गया है, जिसकी मरम्मत संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर यथाशीघ्र नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई जाएगी और उसे लगाकर विजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। विभागीय टीम ने क्षतिग्रस्त उपकरण को सुरक्षित स्थान पर हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव में पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है, क्योंकि अधिकांश समरसेबल और हैंडपंप बिजली से ही संचालित होते हैं। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मरीजों और बुजुर्गों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें। विभाग ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण मरम्मत कार्य में थोड़ी बाधा आ रही है, लेकिन प्राथमिकता के आधार पर चिंतावनपुर में नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। फिलहाल ग्रामीण नए ट्रांसफार्मर लगने का इंतजार कर रहे हैं।
.............. जगह-जगह बैरियर लगाकर की जा रही जबरन वसूली योगी जी के आदेशों को ताक पर रख बीच सड़क पर अवैध बैरियर, यातायात व्यवस्था के नाम पर लूट विंध्याचल थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के नाम पर जगह-जगह बैरियर लगाकर वाहनों को जबरन रोका जा रहा है और अवैध वसूली की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बावजूद बीच सड़क पर बैरियर लगाकर आम जनता और श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली का आरोप लग रहा है। सूत्रों के अनुसार संबंधित विभाग की मिलीभगत से यह वसूली कराई जा रही है। इसी कारण वाहनों को दूर से ही रोक दिया जाता है और फिर उनसे पैसे मांगे जाते हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का सवाल है कि आखिर यह सब किसके सह पर हो रहा है? कौन है जो यातायात व्यवस्था की आड़ में सड़कों पर बैरियर लगवाकर वसूली करवा रहा है? मां विंध्यवासिनी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस अवैध वसूली का शिकार होना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि बैरियर लगाने के पीछे कोई लिखित आदेश नहीं है, फिर भी पुलिस और अन्य कर्मचारियों द्वारा जबरन रोककर पैसे की मांग की जाती है। विरोध करने पर अभद्रता भी की जाती है। इस पूरे मामले में प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि अवैध बैरियर हटवाकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को राहत मिल सके। ............ आज दिनांक 07.08.2026 को थाना राजगढ़ पर नियुक्त एक पुलिसकर्मी की ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई है जिसको संज्ञान में लेकर प्रभारी निरीक्षक राजगढ़ से जाँच करायी गयी तो प्रथम दृष्टया मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह, थाना राजगढ़, मीरजापुर को दोषी पाकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है तथा मुख्य आरक्षी के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारम्भ की गयी है ।
................ पॉवर हाउस में खड़ी बाईक जल कर खाख मीरजापुर विंध्याचल विंध्याचल के भवानीपुर 33/11 केवी उपकेंद्र भवानीपुर, विंध्याचल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उपकेंद्र परिसर में खड़ी एक बैटरी स्वचालित स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अवर अभियंता (जेई) नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह बैटरी स्वचालित स्कूटी विभाग में कार्यरत कर्मचारी अतुल जायसवाल की है। स्कूटी परिसर में खड़ी थी, तभी अचानक उसमें धुआं निकला और देखते ही अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके चलते उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों ने पीछे के दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। समय रहते कर्मचारियों ने सतर्कता बरती, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जेई नरेंद्र सिंह के अनुसार, घटना में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और विद्युत उपकेंद्र के अन्य उपकरणों को सुरक्षित बचा लिया गया।
............... आमघाट पुल के क्षतिग्रस्त होने पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जताई नाराजगी, डीएम को जांच के निर्देश मिर्जापुर। आमघाट पुल के क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। मंत्री ने पुल की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और संबंधित रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित की जाए। ............... थाना लालगंज पुलिस द्वारा दहेज हत्या के अभियोग से सम्बन्धित 02 अभियुक्त गिरफ्तार मीरजापुर थाना लालगंज जनपद मीरजापुर पर दिनांकः 05.08.2026 को वादिनी चम्पा देवी पत्नी स्व0शिवनाथ पाल निवासी लछिमनपुर थाना पड़री जनपद मीरजापुर द्वारा नामजद अभियुक्तों के विरूद्ध वादिनी की पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने एवं हत्या के सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी गई जिसके आधार पर थाना लालगंज पर मु0अ0सं0-298/2026 धारा 80(2),85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। अपर्णा रजत कौशिक पुलिस अधीक्षक जनपद मीरजापुर द्वारा उक्त घटना को गंभीरता पूर्वक लेते हुए महिला सम्बन्धित अपराध में त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना लालगंज को निर्देश दिये गये । उक्त निर्देश के अनुक्रम में थाना लालगंज पर पंजीकृत उपरोक्त अभियोग में अग्रिम विवेचनात्मक कार्यवाही के क्रम में दिनांकः 07.08.2026 को उप निरीक्षक सुजीत सिंह सेठ मय पुलिस टीम द्वारा प्राप्त मुखबिर की सूचना के आधार पर मुकदमा उपरोक्त से नामजद 02 नफर अभियुक्त 1. सत्यदेव पाल पुत्र राज नारायण पाल व 2. कल्लू पाल उर्फ लक्ष्मण पुत्र राज नारायण पाल निवासीगण गंगहराकलां थाना लालगंज जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए मा0न्यायालय/जेल भेजा गया ।
2023 @ DL NEWS. All Rights Reserved.