जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
उ0प्र0 शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 सुचितापूर्ण व नकल विहीन सम्पन्न कराने के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर किया निरीक्षण
मीरजापुर
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट स्थित जनता दर्शन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जनता दर्शन के उपरांत जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ए.एस. जुबली इंटर कॉलेज, रमईपट्टी तथा आदर्श इंटर कॉलेज, विसुंदरपुर का भ्रमण कर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखते हुए शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों एवं मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा अनियमितता की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।
............................................... 21, 22, एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का किया जायेगा आयोजन मीरजापुर न्याय की सरल, सुलभ एवं सौहर्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाने तथा आपसी समहति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण करने के उद्देश्य से मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में समाधान समारोह 2026 के अन्र्तगत सम्पूर्ण भारत वर्ष में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सर्वोच्य न्यायालय में लम्बित वादों का निस्तारण सुलह एवं समझौते के अधार पर किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए सिविल जज सिनियर डिविजन/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर श्री आनन्द कुमार ।। ने बताया की मा० जनपद न्यायाधीश श्री अनुपम कुमार के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से दिनांक 21, 22, एवं 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा। इस आयोजन में ऐसे वाद जो सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित है तथा जिनमें समझौते की संभावना है, उन्हे आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारित किये जाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होने बताया की समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य केवल वादों का निस्ताण करना ही नहीं है, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय एवं धन दोनों की बचत होगी। आवेदन हेतु सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फार्म भरना अनिवार्य होगा।
............................... IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर मीरजापुर पुलिस उपमहानिरीक्षक विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर “पूनम” ने जनसुनवाई एवं शिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी तथा समयबद्ध निस्तारण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए IGRS पोर्टल पर माह जून-2026 की रैंकिंग में विन्ध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष परीक्षण करते हुए उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनता को प्रभावी न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध हो सके।
......................................... बाहर घंटे के अन्दर दो व्यक्तियों ने खाया जहर , एक की हालत गंभीर रेफर। राजगढ़ मीरजापुर राजगढ़ थाना क्षेत्र के अलग - अलग स्थानों पर गुरुवार के दिन 12 घंटे के अन्दर दो व्यक्तियों ने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर स्वजनों ने राजगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया। जहां एक व्यक्ति की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया सेमरा बरहो निवासी 50 वर्षीय रामकेश पुत्र श्रीराम पारिवारिक विवाद करके घर में रखा कीटनाशक जहर का सेवन करके अचेत हो गये। जानकारी होने पर स्वजनों से राजगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया। वहां इलाज किया जा रहा है। दुसरी घटना। भवानीपुर गाँव निवासी 50 वर्षीय सुरेश पुत्र शंकर यादव गुरुवार के दोपहर परिवार से कहासुनी करके सल्फास खा लिए , हालत गंभीर होने पर राजगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां के चिकित्सक प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल लोढ़ी, सोनभद्र रेफर कर दिये । इस संबंध में सीएचसी चिकित्सक संत लाल ने बताया कि दो व्यक्तियों ने जहर का सेवन कर लिए थे। सीएचसी में एक का इलाज किया जा रहा है। सुरेश की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया है
2023 @ DL NEWS. All Rights Reserved.